संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के मिहौली के पास बनाए टोल बूथ पर बुधवार रात 12 बजे से टोल टैक्स लेना शुरू किया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले दो पहिया वाहन चालकों को भी टोल देना होगा। यूपीडा प्रबंधन ने मंगलवार शाम तक सभी तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए 50 रुपये से लेकर 4090 रुपये तक की दर तय की गई हैं। जिसमें आने जाने का टैक्स शामिल हैं।
योगी सरकार का महत्वाकांक्षी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पिछले कई माह से निशुल्क लाभ ले रहे वाहन चालक अब बिना टोल टैक्स दिए नहीं गुजर पाएंगे। यूपीडा की ओर से इस टोल का टेंडर मुंबई की इंद्रजीत कंस्ट्रक्शन कंपनी को दे दिया गया है। औरैया से होकर गुजरे इस बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के मिहौली स्थित टोल प्लाजा पर 26 जुलाई की रात 12 बजे से टोल लगना शुरू हो जाएगा। अहम बात यह है कि इस टोल पर चार पहिया व भारी वाहनों के साथ दो पहिया वाहन, ट्रैक्टर, थ्रीव्हीलर वाहनों से भी टैक्स वसूला जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल पर बिना टैक्स दिए फर्राटा भरने वाले दो पहिया वाहन चालकों को अब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उपयोग करने पर एक रुपये प्रति किलोमीटर की दर से टोल टैक्स भरना पड़ेगा।
जालौन से औरैया आने-जाने वालों पर बढ़ा बोझ
बिलराया-पनवाड़ी मार्ग पर औरैया जिले में पड़ने वाले शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी पुल की मरम्मत का काम चल रहा है। 20 जुलाई से इस पुल पर छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में अब जालौन की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ा संकट खड़ा हो गया है। जालौन की तरफ जाने के लिए उनके पास सिर्फ बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे ही एक मात्र विकल्प है। ऐसे में अब प्राइवेट वाहन मालिकों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस तरह लगेगा टोल टैक्स
दो पहिया व तीन पहिया वाहन चालकों को किलोमीटर 287 से किलोमीटर 204 तक 50 रुपये से लेकर 420 तक टैक्स देना होगा। इसमें जिस किलोमीटर पर वाहन उतरेगा उसी दूरी के हिसाब से अलग-अलग टैक्स कटेगा। इसी तरह कार, जीप का 95 रुपये से लेकर 835 रुपये, ट्रक, बस का 315 से 2675 रुपये, भारी वाहन (छह पहिया) के लिए 480 से 4090 रुपये व ओवर साइज वाहन के लिए 615 से 5250 तक का टोल वसूला जाएगा। इसमें आने व जाने की धनराशि शामिल है।
-
कुठौंद का कट बंद, नहीं चलेंगी प्राइवेट बसें
औरैया-जालौन रूट पर लगभग 18 बसें चलती हैं। इन बसों को औरैया से जालौन तक जाने में बीच में पड़ने वाले कुठौंद ब्लाक तक काफी सवारियां मिलती हैं। जिससे बस का खर्चा निकलता रहता है। इधर टोल शुरू होने के चलते इस कट को बंद कराए जाने से बस स्वामियों में आक्रोश व्याप्त है। न्यू बुंदेलखंड बस ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन उरई जनपद जालौन के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार सिंह, सचिव अरविंद दुबे, सुदीप दुबे, आलोक चौधरी, जगदीश सिंह सेंगर आदि ने बताया कि कुठौंद का कट बंद किए जाने से प्राइवेट बसों का खर्चा निकलना मुश्किल है। ऐसे में बसों का संचालन बंद करना मजबूरी है।
-
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे मिहौली स्थित टोल को आज रात से शुरू कर दिया जाएगा। इससे निकलने वाले दो पहिया व चार पहिया सभी वाहनों से अब टैक्स वसूल किया जाएगा। बिना टोल दिए कोई भी वाहन एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकेंगे। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
- एके राजपूत, एई यूपीडा