ऐरवाकटरा। थाना पुलिस ने मंगलवार को जरैला बंबा की पुलिया के पास बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे व एक चाकू बरामद किया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सीओ बिधूना अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार ऐरवाकटरा थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र की जरैला बंबा पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार तीन युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इसपर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। टीम ने आरोपियों की घेराबंदी कर करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नीरज निवासी किशनी जिला मैनपुरी, अमित व मुकेश निवासी नगला गनी थाना बेबर मैनपुरी बताया। आरोपी नीरज व अमित के पास से एक-एक तमंचा व कारतूस व मुकेश के पास से चाकू बरामद हुआ है। सीओ ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।