औरैया। शासन की अमृत 2.0 योजना के तहत जिले की तीन निकायों के लिए 89.93 करोड़ से अधिक बजट की तीन पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इसमें दिबियापुर, बिधूना और बाबरपुर-अजीतमल निकाय शामिल हैं। तीनों निकाय में परियोजना के तहत 23926 कनेक्शन कर करीब 65 हजार आबादी को लाभ पहुंचाया जाएगा।
पानी के संकट को दूर करने के लिए लगातार सर्वे कर काम कराया जा रहा है। कई निकायों में वर्षो पुरानी पाइप लाइन होने के कारण पानी की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए जल निगम ने पिछले दिनों दिबियापुर, बिधूना और बाबरपुर- अजीतमल का प्रस्ताव बनाकर शासन स्वीकृत के लिए भेजा था। हाल ही में तीनों परियोजनाओं को अमृत 2.0 के तहत स्वीकृति मिली है। जिसमें दिबियापुर नगर पंचायत में पेयजल पुनर्गठन योजना पर 2595.46 लाख, बिधूना नगर पंचायत के लिए 3646.85 लाख व नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के लिए 2693.56 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। विभाग स्वीकृत मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया कराकर जल्द ही काम शुरू कराएगा।
-
तीनों निकायों में योजना से मिलने वाला लाभ
निकाय का नाम- नलकूप- पाइप लाइन किमी- कनेक्शन
दिबियापुर- 07- 54.63- 7325
बाबरपुर अजीतमल- 06- 69.45- 6721
बिधूना- 07- 73.33- 9880
बोले जिम्मेदार-
तीनों नगर निकायों में पेयजल परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही योजनाओं पर काम शुरू कराया जाएगा। इस योजना के तहत निकायों में जल्द ही पेयजल संकट दूर होगा। - बीएस यादव, जेई जल निगम, इटावा।