औरैया जिले में सदर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की रात लखनऊ की नारकोटिक्स टीम के सहयोग से तीन किलो अफीम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने एक कार भी बरामद की है। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच लाख रुपये है।
गुरुवार की रात लगभग 11 बजे सदर कोतवाल पंकज मिश्रा ने लखनऊ नारकोटिक्स टीम के सहयोग से इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में हाईवे स्थित एक ढाबा पर खाना खा रहे तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास मौजूद कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने तीन किलो अफीम बरामद की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची। जहां पूरी रात उनसे पूछताछ की गई। सुबह आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि तस्करों पर एनसीबी की टीम नजर रखे थी। सटीक सूचना पर एनसीबी के निरीक्षक रवि प्रकाश की टीम के साथ भाऊपुर के पास स्थित एक ढाबे पर दबिश दी गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हरियाणा के टोहना जिला फतेहाबाद गुरुग्राम निवासी सोनू, मंदीप व तीसरे ने सिधानी थाना जाखड़ हरियाणा निवासी गुरुध्यान सिंह बताए हैं। मुख्य आरोपी सोनू ने बताया कि वह अफीम लेकर वाराणसी से हरियाणा जा रहा था। बरामद कार सोनू ने आठ लाख रुपये में तीन माह पहले सोनीपत निवासी राजेश से खरीदी थी। कार अभी उसके नाम हस्तांतरित नहीं हुई है। केवल स्टांप पेपर पर लिखा-पढ़ी की गई थी। अफीम की कीमत इसकी शुद्धता पर तय होती है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।