औरैया। शहर के मुख्य सुभाष चौराहा स्थित एक मिठाई विक्रेता से युवक ने गाली गलौज कर रंगदारी मांगी। पीड़ित दुकानदार ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
शहर के मोहल्ला बदनपुर निवासी दीपक पोरवाल ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर दी है। इसमें बताया कि वह रमाकांत स्वीट हाउस का मालिक व संचालक है। सात सितंबर की शाम साढ़े पांच बजे दुकान पर ब्रह्मनगर निवासी धीरू तिवारी अपने एक अज्ञात साथी के साथ आया और धमकी देते हुए कहा कि गुंडा टैक्स मांगते हुए मिठाई फेंकने लगा। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। हंगामा सुनकर दुकान में मौजूद कर्मचारी एकत्रित हो गए। भीड़ देख धीरू तिवारी धमकी देकर चला गया।
पीड़ित दीपक ने बताया कि इस घटना से पहले भी धीरू ने घर आकर अवैध वसूली की मांग और जान से मारने की धमकी दी थी। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया है।