रुरुगंज। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में चोरों ने तीन घरों से जेवर व नकदी चोरी कर लिया। ग्रामीणों ने त्योहार के समय भी पुलिस पर रात्रि गश्त न करने का आरोप लगाया।
रुरुगंज चौकी क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव निवासी पंछी लाल ने बताया कि गुरुवार रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में सो गए थे। चोर दीवार से उतर कर घर के अंदर घुसे। अलमारी खोलकर अंदर रखे 90 हजार रुपये कीमत के गहने चुरा लिए।
सुबह चोरी का पता चलने पर रुरुगंज पुलिस चौकी में सूचना दी। ग्रामिणों ने गांव के विश्राम सिंह और राकेश कुमार के घर के मेनगेट का भी ताला टूटा देख जानकारी गृहस्वामी व पुलिस को दी। ग्रामीणों ने बताया कि विश्राम सिंह मेहनत मजदूरी करने परिवार समेत गाजियाबाद और राकेश कुमार नोएडा गए हैं। उनके घर से भी एक लाख रुपये का माल चोरी हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव से रुरुगंज चौकी करीब चार किलोमीटर दूर है। पुलिस रात्रि गश्त नहीं करती है, जिससे चोरी समेत अन्य घटनाएं घटित होती है।