ऐरवाकटरा।
थाना क्षेत्र के कुकरकाट में गुरुवार को चोर कंपोजिट विद्यालय के ताले तोड़कर बर्तन समेत करीब 40 हजार का मिड डे मील व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह स्कूल पहुंचे प्रधानाचार्य ने कमरों के ताले टूटे देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कंपोजिट विद्यालय कुकरकाट के प्रधानाचार्य प्रभुदयाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह विद्यालय पहुंचे तो उन्हें स्कूल के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो कमरों में लगे 10 पंखे, मिड डे मील का राशन, बर्तन व बच्चों के खिलौने आदि सामान गायब था। प्रधानाचार्य ने बताया कि इससे पहले तीन अप्रैल को चोर स्कूल के पंखे व बर्तन चोरी कर ले गए थे, जुलाई 2022 में भी चोरों ने स्कूल में घटना को अंजाम दिया था। दो चोरियां उनके कार्यकाल से कुछ समय पहले हो चुकी हैं।
स्कूल में हुई पांच बार चोरी की शिकायत पुलिस से की जा चुकी है लेकिन एक का भी खुलासा नहीं हो सका है। जानकारी पर पहुंचे सीओ बिधूना अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने घटना की जानकारी ली। सीओ ने फोरेंसिक टीम को घटना स्थल पर बुलाकर फिंगर प्रिंट समेत अन्य साक्ष्य संकलित करवाए हैं। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।