संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। सेहुद गेट के पास से एक कंपनी की डीसीएम के चार रिम चोरी हो गए। कंपनी के सुपरवाइजर ने मामले की शिकायत दिबियापुर थाना पुलिस को दी। इस बीच सुपरवाइजर ने डीसीएम के रिम दिबियापुर स्थित एक कबाड़ की दुकान पर देखे तो चोरों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चोर रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए।
औरैया दिबियापुर मार्ग पर सेहुद गेट के पास रहने वाले एक कंपनी के सुपरवाइजर राजू अवस्थी के अनुसार उनकी कंपनी के डीसीएम टोरेंट गैस से सीएनजी भरवाकर आसपास के जिलों में सप्लाई करते हैं। डीसीएम में खराबी आने पर उन्हें ठीक कराने का जिम्मा पीड़ित के पास है। डीसीएम के लगभग दस रिम उनके घर पर रखे थे।
सोमवार रात उनके घर से चार रिम चोरी हो गए। सीसीटीवी फुटेज में जानकारी मिली थी कि रात लगभग एक बजकर 54 मिनट पर कुछ चोर रिम चोरी कर रहे हैं। इसकी सूचना पीड़ित ने थाना पुलिस को दी थी। बुधवार सुबह वह दिबियापुर फफूंद रोड पर जा रहे थे। इस बीच एक कबाड़े की दुकान पर कुछ युवक रिम बेचते दिखाई पड़े। पास में जाकर देखा तो बिक रहे रिम उनके घर से चोरी हुए निकले।
पीडि़त ने आरोपी चोरों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए। मामले की सूचना पर पहुंची एनटीपीसी चौकी प्रभारी दरोगा सोनी रावत ने मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपियों की पकड़ धकड़ के लिए दबिशें देनी शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।