अजीतमल। तहसील क्षेत्र के सात गांवों में 45 एकड़ धान की फसल में सैनिक कीट के प्रकोप से फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। तहसीलदार जीतेश वर्मा ने सैनिक कीट की चपेट में आए गांवों का सोमवार को भ्रमण करते हुए किसानों से जानकारी ली। वहीं लेखपाल एवं कृषि विभाग की टीम ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की।
कृषि विभाग औरैया को सूचना मिली कि अजीतमल क्षेत्र के गांवों में सैनिक कीट ने हमला कर दिया। जिसके चलते जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र औरैया के वरिष्ठ वैज्ञानिक अनन्त कुमार के साथ दौरा किया। फसल का ज्यादा नुकसान होने पर उन्होंने तहसील एवं कृषि विभाग की टीम बनाकर सर्वे कराए जाने की बात कही। किसानों से बात कर उनकी फसल को देखा तथा लेखपाल एवं कृषि विभाग की टीम ने आसपास क्षेत्र में सर्वे कर किसानों को चिहिन्त कर उनके नुकसान का आंकलन करने शुरू किया है। जिसकी लिस्ट तैयार की जा रही है।
तहसीलदार जीतेश वर्मा ने बताया है कि तहसील क्षेत्र के सात गांव शाहपुर, मनसुखपुर, मिश्रपुर प्रताप सिंह, शेखूपुर जैनपुर, उम्मरपुर, मीरपुर प्रीतम सिंह, गौकुलपुर में 185 किसानों की 45 हेक्टेयर धान की फसल सैनिक कीट के चलते क्षतिग्रस्त हुई है। जिसकी लिस्ट तैयार करवाई गई है। जिसे शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस किसान की केसीसी बनी हुई है उसे बीमा द्वारा भी मदद दी जाएगी। मुआवजा बनकर आएगा। किसानों को वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर लेखपाल सहित कृषि विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।