अयाना। कस्बा में बुधवार रात को चोरों ने मंदिर, गेस्टहाउस व पानी की टंकी को निशाना बनाकर 35 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। सुबह जागने पर लोगों ने ताले टूटे देखे तो घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटा कर जांच शुरू की है।
ग्राम पंचायत अयाना के प्रधान छोटे लाल गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बुधवार रात को वह गैस एजेंसी के पास मौजूद गेस्ट हाउस में ताला डालकर घर सोने चले आए थे। सुबह आठ बजे जब बेटा प्रदीप गेस्ट हाउस खोलने पहुंचा तो वहां कार्यालय का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अंदर रखा केबल का बंडल, नकद रुपये, सजावट का सामान, ग्राइंडर कटर व परिसर में रखे दो जनरेटरों से डायनुमा गायब थे।
विज्ञापन
दूसरी तहरीर कस्बा स्थित पानी की टंकी के ऑपरेटर प्रमोद कुमार ने दी। बताया बुधवार रात को वह घर सोने आ गया था। सुबह जब वह पानी की सप्लाई चालू करने के लिए टंकी पर पहुंचा तो वहां पंप हाउस का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान व दो पाइप व 50 फीट केबल गायब थी।
तीसरी तहरीर संतोष चक ने देकर बताया कि वह पानी की टंकी के पास बने पांडरी बाबा के मंदिर का जीर्णोद्धार करवा रहा है। बुधवार रात को चोर परिसर में रखे जनरेटर से डायनुमा का सामान खोल ले गए हैं। एक ही रात में मंदिर समेत तीन स्थानों पर चोरी होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर पहुंचे सीओ अजीतमल भरत पासवान, थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने घटना स्थल की पड़ताल कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
गेस्ट हाउस में कैमरे न लगे होने पर गेस्ट हाउस मालिक को परिसर में कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। सीओ भरत पासवान ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गईं हैं। तीन दिन के अंदर चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।