फफूंद (औरैया)। मायके में रह रही 26 वर्षीय युवती का गांव के एक युवक ने नहाते वक्त रविवार सुबह वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शोषण करने लगा। युवती पिता के साथ शिकायत करने आरोपी के घर गई। आरोपी ने परिजनों संग मिलकर दोनों को पीटकर घायल कर दिया। शर्मसार युवती ने रात को घर में फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। युवती का सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
फफूंद क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती इन दिनों मायके आई है। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह वह घर पर नहा रही थी। तभी गांव का अनुज घर में घुस आया और वीडियो बना लिया। इसको दिखाकर संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने लगा। युवती ने जानकारी परिजनों को दी। बेटी व पिता अनुज के घर शिकायत करने पहुंचे।
आरोप है कि अनुज, उसके पिता नरेंद्र व मां पद्मावती ने गालीगलौज करते हुए पीटकर घायल कर दिया। पिता ने बताया कि घटना से शर्मसार बेटी ने रविवार रात कमरे में पंखे के कुंडे के सहारे फंदा लगा लिया। दरवाजा तोड़कर बेटी को फंदे से उतारकर अजीतमल सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने युवती को सैफई रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ अजीतमल भरत पासवान ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।