फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: तेज रफ्तार कंटेनर ने युवक को रौंदा, भीड़ ने जाम लगाया

Sat, 12 Aug 2023 01:00 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
रुरुगंज। कुदरकोट थाना क्षेत्र के बार्डर में नगला विधि के पास सर्विस रोड पर बाइक रोककर खड़े युवक को पीछे से आए कंटेनर ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने एक घंटे जाम लगाकर हंगामा काटा। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस व सीओ बिधूना ने गुस्साए लोगों को शांत करवा कर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

कुदरकोट थाना क्षेत्र के नगला कले निवासी गुड्डू (23) पुत्र हरेंद्र कुमार शुक्रवार सुबह अपने रिश्तेदार संजू निवासी नगला विधि थाना अछल्दा के यहां गया था। यहां से वह संजू को लेकर इटावा के भरथना स्थित पक्का ताल किसी काम से गया था। दोपहर तीन बजे के करीब के दोनों बाइक से लौट रहे थे। नगला विधि के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पहुंचने के दौरान दोनों रुक गए और सड़क किनारे खड़े होकर लघुशंका करने लगे।
इसी बीच गढ़वाना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने गुड्डू को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि संजू बाल-बाल बच गया। वहीं, हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़ भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे गुड्डू के परिजनों ने ग्रामीणों संग मिलकर सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
विज्ञापन

मौके पर पहुंची कुदरकोट पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख थानाध्यक्ष मूलेंद्र चौहान ने सीओ बिधूना अशोक कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी। जिसपर सीआे अशोक कुमार अछल्दा व बिधूना कोतवाली की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने परिजनों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर समझाने के बाद जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष मूलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

भाई अवधेश ने बताया कि छोटा भाई गुड्डू राजस्थान में एक डेयरी प्लांट पर काम करता था। दो माह पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। इसके बाद से वह घर पर था। बताया कि उसकी शादी हो चुकी है और दो बच्चे ऋषभ व हर्षित हैं। पति की मौत के बाद पत्नी पूजा व मां रामसुती का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें