संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। लोक सभा चुनाव 2024 की बिसात बिछनीं शुरू हो गई है। राजबीतिक दलों के जिला पदाधिकारियों ने माहौल को भांपना शुरू किया है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्षी दल अपने हिसाब से जीत की दावेदारी पेश करने को आतुर हैं, लेकिन जिले में पड़ने वाली इटावा व कन्नौज लोक सभा सीटों पर मतदान काफी कुछ जातीय समीकरणों के इर्दगिर्द नजर आने वाला है।
जातीय दबदबे के फेर में प्रत्याशियों के जीत के समीकरण उलझेंगे। जिले के दायरे में आने वाली दोनों सीटों के प्रत्याशियों को एक साथ बहुतायत में जातीय समीकरणों को साधना आसान नहीं होगा।
विधानसभा स्तर पर चुनावी समर के लिए सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित आंकड़ों के तहत औरैया में सामान्य वर्ग की कुल मतदाताओं में हिस्सेदारी को लेकर सबसे ज्यादा 33.30 फीसदी है। यहां अन्य पिछड़ा वर्ग दूसरे नंबर पर 30.34 फीसदी के करीब है जबकि अनुसूचित जाति व जनजाति 30.03 फीसदी है। इसमें अल्पसंख्यक मात्र 6.21 फीसदी है। यहीं आंकड़े दिबियापुर विधानसभा पहुंचते ही काफी कुछ बदल जाते हैं। सामान्य वर्ग जहां 27.69 फीसदी है।
वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग एक मुश्त 41.84 फीसदी के साथ बहुतायत में है। वहीं अनुसूचित जाति व जनजाति 27.01 फीसदी तक लगभग सामान्य वर्ग के बराबर है। जबकि अल्पसंख्यक 3.41 फीसदी के करीब है। बिधूना पहुंचने पर इन आंकड़ों में और अंतर देखा जा रहा है। सामान्य वर्ग के मतदाता महज 24.45 फीसदी तक ही है। जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग 44.56 फीसदी होने के साथ सबसे ज्यादा है। यहां अनुसूचित जाति व जनजाति सामान्य वर्ग से ज्यादा है। जिसकी कुल हिस्सेदारी 26.01 फीसदी है।
अल्पसंख्यक यहां पर भी 4.98 फीसदी हैं। औरैया से लेकर दिबियापुर व बिधूना तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पड़ने वाली इटावा व कन्नौज लोकसभा सीट के लिए दावेदारों को इस जातीय समीकरण पर अपनी जोर आजमाइश करनी होगी। राजनैतिक पार्टी के पदाधिकारी अभी से इस समीकरण का मंथन करने में जुटे हैं। पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं की फौज समावेशी दर्शाने के प्रयास भी शुरू हो गए हैं। हालांकि खबर में दिए गए आंकड़ों की सरकारी पुष्टि नहीं है।
सूत्रों से जुटाए गए आंकड़े-
औरैया-विधानसभा क्षेत्र सामान्य- 33.30 फीसदी- 1,10200 मतदाता
अन्य पिछड़ा वर्ग- 30.34 फीसदी- 100420 मतदाता
अनुसूचित जाति व जनजाति- 30.03 फीसदी- 99400 मतदाता
अल्प संख्यक- 6.21फीसदी- 20580 मतदाता
-
दिबियापुर-विधानसभा क्षेत्र
सामान्य-27.69 फीसदी-89110 मतदाता
अन्य पिछड़ा वर्ग-41.84 फीसदी- 134600 मतदाता
अनुसूचित जाति व जनजाति-27.01 फीसदी-86900 मतदाता
अल्प संख्यक-3.41 फीसदी-10980 मतदाता
बिधूना-विधानसभा क्षेत्र
सामान्य- 24.45 फीसदी- 88650 मतदाता
अन्य पिछड़ा वर्ग-44.56 फीसदी- 161575 मतदाता
अनुसूचित जाति व जनजाति-26.01 फीसदी- 94300 मतदाता
अल्प संख्यक- 4.98फीसदी- 18000 मतदाता
-
सामान्य वर्ग- ब्राह्मण, क्षत्रीय, वैश्य व अन्य
अन्य पिछड़ा वर्ग- यादव, राजपूत (वर्मा), कुशवाहा, पाल, निषाद, नाई व अन्य
अनुसूचित जाति व जनजाति- दोहरे, कठेरिया, कोरी, बाल्मीकि, दिवाकर व अन्य
अल्पसंख्यक- पठान, कुरैशी, मंसूरी, सिद्दीकी व अन्य
-
मतदाताओं की जानकारी-औरैया
जिले के कुल मतदाता- 1024822
महिला मतदाता- 467856
पुरुष मतदाता-556925
थर्ड जेंडर मतदाता-41