दिबियापुर/ककोर। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का दिन अद्भुत है। इस दिन को हर कोई यादगार बनाने के प्रयास में जुटा रहा। गांव दखनाई निवासी किसान कौशल की पत्नी वंदना देवी ने दिबियापुर सीएचसी में बेटे को जन्म दिया। इस विशेष दिन पर पुत्र को पाकर कौशल ने अपने बेटे का नाम रामजी रख दिया। वहीं नौली निवासी सुगेंद्र सिंह की पत्नी नीलम देवी ने बेटी को जन्म दिया। तो परिवार के लोगों ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए जन्मी बेटी का नाम सिया रख दिया।
कौशल ने बताया कि यह उनकी पहली संतान है। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस ऐतिहासिक दिन पर उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति होगी। इस दौरान परिजन समेत दिबियापुर सीएचसी अधीक्षक डा. विजय आनंद, स्टाफ नर्स लक्ष्मी यादव और अभिलाषा भी काफी प्रफुल्लित दिखाई दीं। वहीं सदर ब्ल़ॉक के नौली निवासी सुगेंद्र सिंह ने बताया कि पत्नी नीलम को दो दिन से प्रसव पीढ़ा हो रही थी। पहली बार पत्नी मां बनने जा रही थी। ऐसे में रविवार को चिचौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तड़के बेटी का जन्म हुआ। चाची नीलम व अन्य परिजनों ने खुशी जताते हुए जन्मी बच्ची का नाम सिया रखा है। वहीं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुशवाहा ने सिया का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने खुशी जताई। परिजनों ने इस दौरान मिठाई भी बांटी।