दिबियापुर। फफूंद चौराहे से गुजर रही एक लग्जरी कार को रात दो बजे पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मियों के रोकने की कोशिश की। अनियंत्रित हुई कार एक खेत में घुस गई। कार सवार लोग भाग जाने में सफल रहे।
कन्नौज की ओर से आ रही एक कार को बृहस्पतिवार की रात दो बजे चेकिंग के दौरान फफूंद चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने रोकने का इशारा किया तो कार सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर कार का पीछा करना शुरू किया। कंचौसी रोड पर ब्रह्मदेव मंदिर के पास तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में जा घुसी। सवार लोग कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस कार को खेतों से निकलवाकर थाने ले आई है। कार के अंदर चेकिंग करने पर कुछ कागजात मिले हैं। यह कागजात कन्नौज के एक बड़े अपराधी के बताए जा रहे हैं। दिबियापुर थाने के अपराध निरीक्षक जितेंद्र कुमार का कहना है कि कार के बारे में जानकारियां जुटाई जा रहीं हैं।