औरैया। एक सप्ताह से मौसम के बदले रुख के बीच हुई बारिश ने रोडवेज डिपो में जलभराव की समस्या पैदा कर दी। इससे यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी हो रही थी। बरसात का दौर शुरू हो इससे पहले जलभराव के कोढ़ को जड़ से खत्म करने के लिए रोडवेज डिपो में तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को डिपो के इंट्री गेट समीप गड्ढों का भरान कराते हुए समतलीकरण का कार्य किया गया। जल्द ही यहां इंटरलाकिंग बिछाते हुए जलभराव की समस्या से निजात दिलाया जाएगा।
रोडवेज डिपो के क्षेत्रीय कार्यालय इटावा की ओर से नियुक्त ठेकेदार सोमवार की दोपहर डिपो पहुंचा। यहां श्रमिकों के जरिए परिसर के गड्ढों का भरान कराया गया। बता दें कि एक वर्ष पूर्व तकरीबन नौ लाख रुपये की लागत से डिपो के परिसर में इंटरलाकिंग बिछाई गई थी। किन्हीं कारणों के चलते इंट्री गेट समीप परिसर का कुछ हिस्सा छूट गया। एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बरसात के चलते यहां जलभराव की समस्या हुई। कर्मचारियों से लेकर यात्रियों को प्रतीक्षालय व कार्यालय तक पहुंचने के लिए गंदे पानी के बीच से जाना पड़ा। ऐसे में डिपो की ओर से क्षेत्रीय कार्यालय को पत्राचार करते हुए पूरा मामला बताया गया। जिसके बाद ठेकेदारों की मदद से यहां काम शुरू कराया गया। एक सप्ताह के अंदर कच्चे पड़े फर्श पर इंटरलाकिंग बिछाने का काम पूरा कर लेने की संभावना जताई गई है। एआरएम आरएस चौधरी ने बताया कि अधूरे पड़े इंटर लॉकिंग का काम शुरू कराया गया है। बारिश से पहले जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।