औरैया। होली पर किराना बाजार में चढ़ाव-उतार नजर आ रहा है। कुछ खाद्य सामग्री के दाम न बढ़ने से लोग राहत महसूस कर रहे हैं। तो कुछ की दाम आसमान पर पहुंचने से लोगों में गुझिया की मिठास कम होने की चिंता सता रही है। इस बीच लोग बाजारों में जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
त्योहार से पहले ही मंहगाई अपना असर दिखाने लगती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। कई खाद्य सामग्री महंगी होने से गुझिया का जायका फीका रहने वाला है। खोया(मावा) समेत ड्राईफूड के दाम बढ़े हैं। खोया में पिछले बार की तुलना में इस बार 100 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
पनीर के दाम भी 30 से 40 रुपये तक बढ़े हैं। इन सब के बीच भी बाजार में रौनक है। दुकानदारों को होली पर अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। आठ मार्च को होली है। लोग खरीदारी के साथ तैयारियों में जुट गए हैं।
किराना व्यवसायी संदीप अवस्थी ने बताया कि बेसन के भाव में कोई इजाफा नहीं हुआ है। 80 से 90 रुपये प्रति किलो के भाव से बेसन बिक रहा है। तेल पांच रुपये सस्ता 155 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
रिफाइंड भी 10 से 15 रुपये प्रति लीटर कम हुआ है। रिफाइंड 105 से 150 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चीनी के रेट में भी बढ़ोतरी नहीं हुई है। 40 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रही है।