चकलवंशी। दिनदहाड़े घर में चोरी के इरादे से घुसे बदमाश ने महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं 15 दिन की मासूम बच्ची को भी चारपाई से उठाकर फेंक दिया। इसके बाद बनकाबपोश बदमाश घर से जेवर,नकदी समेत दो लाख का माल लेकर भाग निकला। पुलिस का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।
माखी थानाक्षेत्र के कोटरा निवासी विजय बहादुर की पत्नी शिखा बुधवार को अपनी 15 दिन की बच्ची के साथ घर में अकेली थी। पति मजदूरी करने गया था। शिखा के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे एक नकाबपोश लुटेरा पीछे के दरवाजे से घर के अंदर पहुंच गया। बक्से खोलकर उसमें रखे दो लाख कीमत के जेवर चोरी कर भागने लगा। 15 दिन की बच्ची को लिए लेटी शिखा की नजर पड़ी तो उसने रोकने का प्रयास किया तो बदमाश ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका सिर दीवार में लड़ा दिया।
इतना ही नहीं चारपाई लेटी बच्ची को नीचे फेंक दिया। शिखा बच्ची को उठाने दौड़ी तभी मौका पाकर बदमाश भाग गया। चोट लगने से उसकी नाक से खून निकलने लगा। माखी थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।