दिबियापुर। ग्राम पंचायत सेहुद के मजरा बरमूपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में इस वर्ष एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है। इस बीच लोक निर्माण विभाग ने मेडिकल कालेज को दो अलग अलग सड़कों से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। इससे कॉलेज तक मरीजों एवं अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं का यातायात सुगम होगा।
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में सत्र 2023-24 में एमबीबीएस की 100 सीटों पर पढ़ाई शुरू किए जाने की तैयारियां जोरों पर चल रही है। जून में नीट की काउंसलिंग में यहां की सीटें भरी जानी हैं। कॉलेज तक पहुंचने के लिए यातायात सुगम हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग भी कवायद में जुट गया है।
विभाग ने समाधान का पुर्वा से निर्माणाधीन मेडिकल कालेज होते हुए ककोर कंचौसी मार्ग तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मरम्मत की कार्ययोजना उच्चाधिकारियों को भेजी है। चार किलोमीटर लंबे इस मार्ग को लगभग 12 करोड़ 54 लाख की लागत से बनाया जाना प्रस्तावित है। मेडिकल कालेज को ककोर कंचौसी मार्ग से भी जोड़ा जाएगा।
ककोर कंचौसी मार्ग से औरैया मेडिकल कालेज मार्ग को चार लेन एवं कंचौसी तक दो लेन चौड़ीकरण की कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। लगभग नौ किलोमीटर लंबे इस मार्ग को लगभग 85 करोड़ रुपये से बनाया जाना प्रस्तावित है।
निर्माणाधीन बस अड्डे तक पहुंच मार्ग के निर्माण की कवायद शुरू
दिबियापुर के गांव जमुहां में निर्माणाधीन बस अड्डा बनकर लगभग तैयार हो चुका है। मगर अभी तक बस अड्डे तक पहुंचने वाला मार्ग बुरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और गड्ढा युक्त है। इस मार्ग को भी लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। पीडब्ल्यूडी ने दिबियापुर फफूंद मार्ग से निर्माणाधीन बस अड्डे तक लगभग 350 मीटर लंबे मार्ग को लगभग सात करोड़ से बनाने का कार्ययोजना तैयार कर उच्चाधिकारियों की संस्तुति के लिए भेजी है।
वर्जन
जिले की कई प्रमुख सड़क मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनाकर संस्तुति के लिए उच्चाधिकारियों के पास भेजी गई है। स्वीकृत मिलने पर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे मेडिकल कॉलेज मार्ग भी शामिल है। -अभिषेक यादव, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड