अयाना।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के अपहरण के मामले में फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। वहीं पीड़िता की ओर से कोर्ट में दिए गए बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में बंधक बनाने की धारा बढ़ा कर दो अन्य युवकों को आरोपी बनाया है। पुलिस शेष दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
अयाना थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि मंगलवार सुबह गश्त के दौरान सेंगनपुर कस्बे से युवती का अपहरण करने वाले आरोपी शिवम सेंगर को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि मामले में बीते गुरुवार की शाम छह बजे थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने 112 पर फोन कर सूचना दी। बताया कि दोपहर दो बजे के करीब गांव का शिवम सेंगर उसकी 17 वर्षीय बहन का अपहरण कर ले गया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक चारु निगम की ओर से 24 घंटे के अंदर किशोरी को बरामद न कर पाने पर थाना पुलिस पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। मामले में पुलिस ने रात 10 बजे किशोरी को बाबरपुर तिराहे से बरामद किया था। जबकि आरोपी मौके से भाग निकला था। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने कोर्ट में दिए बयानों में बताया कि वह दोपहर को घर के बाहर निकली थी, तभी वहां आए शिवम व उसके भाई विमल ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बाबरपुर निवासी अनुज के घर में बंधक बनाकर रखा।
पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले में बंधक बनाने की धारा को जोड़ कर दो नामजद विमल व अनुज को आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।