अछल्दा। थाना दिवस के बाद शनिवार को कब्जे की शिकायत लेकर मां के साथ पहुंची एक युवती कब्जा हटवाने की मांग पर आड़ गई। दोनों पक्षों की मौजूदगी में पुलिस पीड़ित को समझा रही थी इसी बीच वह ट्रेन से कटने की धमकी देकर रेलवे स्टेशन जा पहुंची। पीछे से पहुंचे हाेमगार्ड ने उसे जाकर बचाया। पुलिस ने दोनों पक्ष से नौ लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
कंधिंया निवासी संतोष कुमारी शनिवार चार बजे के करीब बेटी पूजा के साथ कब्जे की शिकायत लेकर अछल्दा थाने पहुंची। नामजद पड़ोसियों पर घर के बाहर कब्जा करने का आरोप लगाया आैर जगह वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई। संतोष कुमारी ने बताया कि गांव के नामजद लोगों ने एक दिन पहले उसके दरवाजे को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया। घर के बाहर जमीन पर कब्जा कर लिया। जिसके चलते वह शनिवार को थाना पहुंची। वहीं दूसरा पक्ष भी थाने में मौजूद था। दूसरे पक्ष के लोग जमीन अपनी बता कब्जा न देने की बात पर अड़ गए। पुलिस दोनों पक्षों को समझा रही थी। इसी बात से नाराज पूजा रेलवे ट्रैक की ओर निकल गई। पीछे से महिला होमगार्ड व सिपाही दौड़ कर पहुंचे उसे ट्रैक पर जाने से रोका। अछल्दा थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से राघवेंद्र अजय, राम खिलावन, सत्यपाल, किरण, पिंकी, कांति, संतोषी, पूजा पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। जमीन को लेकर दोनों पक्ष झगड़े पर उतारू है।