अजीतमल। रविवार रात चोरों ने जगतपुर स्थित एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। घटना के समय परिजन छत पर सो रहे थे। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना छानबीन शुरू की है।
जगतपुर निवासी रजनी पत्नी स्व. अंगुलाल जनता इंटर काॅलेज अजीतमल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। वह गांव में अपने पुत्र योगेश के साथ रहती है। गर्मी ज्यादा होने की वजह से रजनी परिवार के साथ छत पर सो रही थी।
रविवार रात चोरों ने घर के बाहर स्थित चैनल का ताला काटकर अंदर दाखिल हो गए। कमरे में रखी अलमारी में रखे मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, टॉप्स, आठ चांदी के सिक्के सहित लगभग दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह करीब पांच बजे परिवार की आंख खुली तो नीचे आकर कमरे में देखा। जहां सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अजीतमल कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मौका मुआयना किया गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संकट मोचन मंदिर से सामान चोरी
औरैया। सहायल थाना क्षेत्र के कस्बा में दिबियापुर रोड स्थित संकट मोचन मंदिर में रविवार रात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घंटा, ध्वनि मशीन, दान पात्र व अन्य सामग्री चोरी कर ली। सोमवार सुबह भक्त पूजा के लिए गए तो मंदिर का ताला टूटा देखकर कस्बा वासियों को सूचना दी। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची सहायल पुलिस ने घटना की जांच की। मंदिर के पुजारी सुदामा ने बताया रात आठ बजे के बाद ताला लगाकर वह घर चले गए थे। सुबह चोरी की जानकारी हुई। थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)