औरैया। गांव भीखापुर में शिक्षामित्र रामवीर की हत्या के बाद भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा और पीट-पीटकर मार डाला। चेहरा वीभत्स होने से रात में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे चचेरे भाई व बहन ने उसकी शिनाख्त अरुण उर्फ बबलू के रूप में की।
ग्रामीणों की पिटाई से हुई युवक की मौत पर पुलिस रात शिनाख्त के प्रयास में जुटी रही। कभी अरुण के साथ आए उसके साथी का शव बताया जाता रहा तो कभी लोग अरुण के होने की चर्चा करते रहे। मगर मौके पर किसी सगे संबंधी व परिवार के न पहुंचने पर रात में शिनाख्त नहीं हो सकी। इस पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था। मंगलवार सुबह अरुण की बड़ी बहन शशि चौहान व चचेरे भाई नरेंद्र सिंह व अन्य परिजन पहुंचे और उसकी शिनाख्त अरुण उर्फ बबलू सिंह पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में की। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव का दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान वीडियोग्राफी हुई। उधर सोमवार रात से अरुण उर्फ बबलू सिंह के घर पर पुलिस का सख्त पहरा रहा, जिससे कोई दूसरी वारदात न हो जाए। शाम को शव के घर पहुंचने पर पत्नी प्रतिभा, पुत्री तान्या व वृद्धा मां रो-रोकर बेहाल हो गई। एसपी चारू निगम ने बताया कि शव की शिनाख्त अरुण उर्फ बबलू के रूप में हुई है। दोनों पक्ष की तहरीर पर 19 लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस करा सकती है डीएनए जांच
घटना में ग्रामीणों की ओर से कूंचकर मारे गए युवक की शिनाख्त को लेकर आखिरी समय तक लोगों में संशय बना रहा। अरुण की कद काठी से काफी अंतर बताते हुए लोग सवाल खड़े करते रहे, लेकिन बाद में चचेरे भाई ने कपड़ों से उसकी पहचान की। पुलिस ने युवक के शव व परिजनों के खून के नमूने सुरक्षित किए हैं। पुलिस सूत्र बताते हैं कि पुलिस पुख्ता शिनाख्त के लिए डीएनए जांच भी करा सकती है। हालांकि किसी पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
शव के पास मिली रायफल की बट, नाल नदारत
सोमवार भीखपुर गांव में शिक्षामित्र रामवीर को गोली मारकर भाग रहे हत्यारोपी अरुण की हत्या के दौनान उसके पास मौजूद लाइसेंसी रायफल को सड़क पर पटक कर तोड़ लिया। मौके से रायफल की बट के टुकड़े पुलिस ने बरामद किए हैं। जबकि नाल की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है।
अरुण उर्फ बबलू सेंगर का एक पुत्र रिशी था। लगभग चार साल पहले इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। वहीं उसकी एक पुत्री है जो बीएससी कर चुकी है।