रुरुगंज। राजस्थान के जयपुर हाईवे पर शहपुरा के पास रविवार रात कार की टक्कर से औरैया निवासी कंटेनर चालक की मौत हो गई। सोमवार देर रात को जयपुर से चालक का शव चंदिया गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
अछल्दा ब्लॉक के चंदिया गांव निवासी पूर्व प्रधान प्यारे लाल राजपूत का बेटा राजकुमार (30) कंटेनर चालक था। वह राजस्थान के जयपुर में रहकर कंटेनर चलाता था। पत्नी प्रीती व दो बेटे हैं। परिजनों ने बताया कि करीब दो माह से राजकुमार पत्नी व बेटों को गांव में छोड़कर जयपुर चला गया था।
रविवार रात को राजस्थान के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शहपुरा के पास वह एक साइड कंटेनर खड़ाकर वह हाईवे पार कर होटल में खाना खाने गया था। लौटते समय दिल्ली से आ रही तेज रफ्तार कार ने चालक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार रात को चालक का शव चंदिया गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार किया गया।