संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। पीडब्ल्यूडी के विशेष मरम्मत अभियान के तहत जिले की 72 ग्रामीण सड़कों की हालत सुधारने की कवायद शुरू कर दी गई है। 137 किलोमीटर लंबी इन सड़कों पर 74 किलोमीटर का हिस्सा अत्यंत खराब है। सड़कों की हालत 16.37 करोड़ से सुधारी जाएगी। शासन से इन सड़कों की मरम्मत के लिए लगभग आठ करोड़ का बजट जारी कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार जिले की कई ग्रामीण सड़कों की हालत खराब है। खराब सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया था। विशेष मरम्मत अभियान के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड शाखा की 33 ग्रामीण सड़कों को चयनित किया गया है।
55.5 किलोमीटर लंबी इन ग्रामीण सड़कों का 34.700 किलोमीटर हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त है। खराब हिस्से की मरम्मत के लिए 648.95 लाख रुपये का इस्टीमेट भेजा गया था। इसके सापेक्ष शासन से 325.56 लाख रुपये आवंटित हो गया है। जबकि पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की 81.9 किलोमीटर लंबी 39 ग्रामीण सड़़कों की हालत खराब है।
इन 39 सड़कों पर 39.44 किलोमीटर हिस्सा अत्यंत खराब हालत में है। इन सड़कों की मरम्मत के लिए 988.57 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें से 494.37 लाख रुपए शासन से आवंटित हो गए हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़कों की विशेष मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद इन मार्गों पर यातायात सुगम हो जाएगा।
फफूंद हरचंदपुर से पाता मार्ग की हालत 39.82 लाख से सुधरेगी
चयनित प्रमुख ग्रामीण मार्गों की बात करें तो फफूंद हरचंदपुर से पाता मार्ग के डेढ़ किलोमीटर हिस्से की सूरत 39.82 लाख रुपये में सुधरेगी। जबकि बाबरपुर फफूंद से अधासी फतेहपुर लक्ष्मी मार्ग के 2.3 किलोमीटर खराब सड़क की हालत 23.89 लाख रुपए में, अछल्दा मोहम्मदाबाद मार्ग से डांडी संपर्क मार्ग के 280 मीटर क्षतिग्रस्त मार्ग को 34.81 लाख रुपये में सुधारा जाएगा। अछल्दा मोहम्मदाबाद मोनागंज मार्ग से आशा संपर्क मार्ग के 950 मीटर खराब हिस्से की हालत 36.91 लाख से, मोहम्मदाबाद अछल्दा मार्ग से दिवरिया मार्ग के 280 मीटर खराब हिस्से को 37.52 लाख रुपये में, चिमकुनी मोहम्मदाबाद मार्ग से रायपुर होकर रूपपुर संपर्क मार्ग के 180 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से को 24.06 लाख रुपये में सुधारा जाएगा। फफूंद पाता मार्ग से तैय्यबपुर होते हुए फफूंद हरिश्चंदपुर तक मार्ग का 650 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्सा 36.93 लाख रुपये में, बाबरपुर फफूंद मार्ग से चिटकापुर आदमपुर मार्ग का 1.88 किलोमीटर क्षतिग्रस्त हिस्सा 32.28 लाख रुपए में, बाबरपुर फफूंद मार्ग से रसूलपुर कलां मार्ग का 2.3 किलोमीटर हिस्सा 38.82 लाख रुपए में सुधारा जाएगा। इसके साथ ही कई अन्य प्रमुख मार्गों की हालत सुधारी जाएगी।
विशेष मरम्मत के लिए जिले की सड़कें चयनित हुईं हैं। नवंबर माह में काम शुरू हो जाएगा। यदि दिसंबर में सर्दी बढ़ गई तो फरवरी तक सभी सड़कों पर विशेष मरम्मत का काम पूरा करा लिया जाएगा। - अभिषेक यादव, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड