एरवाकटरा। कन्नौज जनपद के सौरिख थानाक्षेत्र में भागवत कथा का सामान विसर्जित करने जाने के दौरान पैर फिसलने से नहर में डूबे व्यक्ति का शव बुधवार को बंबा में उतराता मिला।
एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगरिया निवासी व्यक्ति का शव खडिनी से लगभग नौ किलोमीटर दूर मलिकापुर में नहर से निकले बंबा में शव उतराता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान शिशुपाल के रूप में की। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव के घर पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि शिशुपाल गुजरात के अहमदाबाद व अन्य शहरों में फेरी लगाने का काम करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। रिश्तेदारों और गांव के लोगों की बड़ी संख्या के बीच गमगीन माहौल में मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया।