अछल्दा। थाना क्षेत्र के गांव में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में समझौता न करने से नाराज आरोपियों ने पीड़िता के घर में आग लगा दी। पीड़िता ने आरोपियों पर समझौता न करने पर घर में आग लगाने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बीती पांच मार्च को गांव के ही चार लोग उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इस पर उसने आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से आरोपी उसके परिवार पर समझौता के लिए दबाव बना रहे थे। बात न मानने पर बुधवार रात को उक्त मामले के आरोपियों ने उसके घर में आग लगा दी। इस दौरान जागी छोटी बेटी के चीखने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।
आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तब तक आग से घर में रखे कपड़े, आलू की बोरियां व अन्य जरूरी सामान जल गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी घर में आग लगाने की धमकी भी देते थे। मंगलवार को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की व बुधवार को आगजनी की घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।