औरैया जिले में ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के शेखूपुर में शनिवार रात को 15 वर्षीय किशोर का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शेखूपुर निवासी बृजेश सक्सेना ने बताया कि बेटा अंशुल पंजाब के अंबाला स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसने पढ़ाई छोड़ दी थी।
गुरुवार को वह नौकरी से छुट्टी लेकर घर आया था। शनिवार शाम को बेटा कहीं बाहर निकल गया। काफी देर तक घर न लौटने पर उसे ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्र में खोजा। गांव के बाहर खेत में पेड़ पर उसका शव रस्सी के सहारे लटकता मिला। अंशुल की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बेहाल हैं। थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कम उम्र के बाद भी शादी का बना रहे थे दबाव
मृतक के पिता ब्रजेश ने बताया कि हम लोग उसकी शादी कराने को लेकर तैयारियां कर रहे थे। इस दौरान कई जगह से संबंध भी आए थे। जिन पर विचार कर रहे थे। अचानक से अंशुल के इस कदम ने उनकी खुशियों को भी खत्म कर दिया। उन्होंने आत्महत्या के पीछे के कारणों की जानकारी न होने की बात कही है।