औरैया। शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ 25 जुलाई को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन करेगा। इसको सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को अंतिम दिन स्कूलों में शिक्षकों से संपर्क किया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आवाह्न पर शिक्षकों की लंबित 16 मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। इसको सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों द्वारा स्कूलों में जाकर शिक्षकों से जनसंपर्क किया जा रहा है। बुधवार को भी जिला अध्यक्ष साध्येश सिंह सेंगर उर्फ रवि के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने स्कूलों में जाकर शिक्षकों से संपर्क किया।
शिक्षकों से 25 जुलाई की दोपहर दो बजे अधिक से अधिक संख्या में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचने की अपील की। जिला अध्यक्ष ने बताया कि धरना प्रदर्शन कर शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपेगे। बताया कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण न किया गया तो प्रांतीय नेताओं के आवाहन पर संगठन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
बुधवार को स्कूलों में चलाए गए संपर्क अभियान के दौरान महेश्वरी प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, गौरव यादव, सुरेंद्र निषाद, डॉ. मुशीर, गजेंद्र सिंह, हरेंद्र यादव, विपुल अवस्थी आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।