अछल्दा। ब्लाक संसाधन केंद्र पर समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा को लेकर चलाए जा रहे शिक्षकों के पांच दिवसीय प्रशिक्षण का मंगलवार को समापन हो गया।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने, दिव्यांगता की पहचान कर उनकी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कक्षा शिक्षण में विशेष तरकीब आजमाने के लिए कहा। संदर्भ दाता नरेंद्र कुमार व देवानंद ने मूक-बधिर, दृष्टि बाधित व अधिगम अक्षमता वाले बच्चों को कक्षा शिक्षण में विशेष उपकरणों के सहयोग से पढ़ाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर शिक्षकों को सांकेतिक भाषा, ब्रेल लिपि के बारे में जानकारी देते हुए अभ्यास भी कराया गया। संदर्भदाताओं ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सहायक उपकरणों के महत्व और प्रयोग के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश श्रीवास्तव व शिक्षक मौजूद रहे।