संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को भीखेपुर ओवरब्रिज के पास सर्विस लेन पर जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार के सामने अचानक से मवेशी आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही साइकिल सवार छात्रा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा साइकिल समेत सड़क पर दूर जा गिरी। छात्रा को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
भीखेपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर बुधवार दोपहर लगभग दो बजे बाबरपुर विद्या नगर निवासी अभिषेक बाइक से घर की तरफ तेजी से जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक ओवरब्रिज के पास पहुंची ही थी कि तभी अचानक से एक मवेशी सामने आ गया। जब तक वह उसे बचा पाता, बाइक फिसलते हुए सामने से साइकिल से आ रही एक छात्रा से जा टकराई।
इससे साइकिल सवार टडवा बिकू निवासी छात्रा उपासना 18 पुत्री स्व. शिशुपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। फिसलने से बाइक सवार अभिषेक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी अजीतमल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया जबकि बाइक सवार की हालत गंभीर देख सैफई रेफर कर दिया।
मृतक छात्रा जनता डिग्री काॅजेल अजीतमल में बीए की छात्रा थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेज दिया गया है। साथ ही बाइक व साइकिल को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया गया है। घटना के बाद अस्पताल पहुंची मां सुधा समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।