औरैया। औषधि निरीक्षक ने बुधवार को राजकीय ड्रग वेयर हाउस व शहर स्थित राजकीय वेटेनरी हाॅस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों जगहों से संदिग्ध व अधोमानक 11 दवाइयों के सैंपल भरे।
औषधि निरीक्षक ज्योत्सना आनंद ने बताया कि राजकीय ड्रग वेयर हाउस में निरीक्षण कर फार्मासिस्ट राजकुमार गुप्ता से स्टॉक रजिस्टर मांगा गया। जिस पर वह मौके पर रजिस्टर नहीं दिखा सके। इस दौरान अधोमानक पाई गईं औषधियों में मिसोप्रोसटॉल- 200 एमजी बैच नंबर यूएचटी21234, सिफेक्सिम ओरल सीरज आईपी 100 एमजी व पांच एमएल बैच नंबर 9052, सोडियम वेल्पोरेट टेबलेट 200 एमजी बैच नंबर आरटी 211014, आरटी 211016, आरटी 211028 के अलावा आईब्रूफेन 200 एमजी बैच नंबर टी 2021 के क्रय-विक्रय को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। बताया कि शासन से इनकी अधोमानक आपूर्ति किए जाने की रिपोर्ट मिली थी। यहां से इन चारों दवाओं के साथ छह नमूने लिए गए हैं।
इसके बाद वह राजकीय वेटेनरी हाॅस्पिटल का निरीक्षण किया। मौके पर औषधियों का रख रखाव संतोष जनक नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान पांच संदिग्ध औषधियों के नमूने लिए गए। यहां से ड्रग इंस्पेक्टर शहर स्थित 50 शैया युक्त जिला अस्पताल के सामने संचालित दीक्षित मेडिकल स्टोर पर पहुंची। जहां निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा मेडिकल स्टोर पर अन्य कमियां भी पाई गईं। संचालक को नोटिस जारी किया है।