औरैया। सेंट फ्रांसिस एकेडमी ग्राउंड पर तीन दिन से चल रहे सहोदया स्कूल काम्प्लेक्स स्कूल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में सेंट फ्रांसिस की टीम ने विजय हासिल की। इस दौरान मुख्य अतिथि ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए।
मुख्य अतिथि सहोदया काम्प्लेक्स के सचिव व पीबीआरपी दिबियापुर के प्रधानाचार्य सौरभ कश्यप ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में जब दो टीमें आमने-सामने होती हैं, तो उनमें से एक ही टीम जीतती है। इसमें हारने वाली टीम के खिलाड़ियों को अपना मनोबल नहीं गिराना चाहिए। बल्कि हार की कमियों पर गहनता से विचार कर उन्हें भविष्य में पुन: दोहराने से बचना चाहिए। इस दौरान आखिरी दिन फाइनल मैच सेंट फ्रांसिस एकेडमी आनेपुर व सेंट जोसफ एकेडमी दिबियापुर के बीच मैच खेला गया। जिसमें सेंट फ्रांसिस की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए सात ओवरों में 70 रन का बड़ा लक्ष्य सेंट जोसफ के खिलाड़ियों के सामने रखा। जिसमें लक्ष्य का पीछा करने उतरे सेंट जोसफ की टीम के खिलाड़ी, सेंट फ्रांसिस की टीम के गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सके और निर्धारित 10 ओवरों में महज 46 रन के स्कोर पर पूरी टीम आल आउट हो गई। इस तरह से सेंट फ्रांसिस की टीम ने यह मैच जीत लिया। सेंट फ्रांसिस के कक्षा आठवीं के छात्र उत्कर्ष सिंह को बेस्ट स्कोर का अवार्ड मिला। वहीं बेस्ट कीपर का अवार्ड आयुष सिंह को मिला।
सेंट फ्रांसिस एकेडमी के पीआरओ गौरव पोरवाल ने बताया कि जिले में 18 सीबीएसई विद्यालय संचालित हैं। जिसमें तीन दिवसीय जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में सात विद्यालयों ने ही प्रतिभाग किया था। इस दौरान मुख्य अतिथि ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी व स्मृति चिंह भेंट किए। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य फादर एंटोनी चाको, उप प्रधानाचार्य सिस्टर अनीता मैरी, खेलकूद अध्यापक राजीव सक्सेना, सोनिया, प्रशांत, स्टेवी, टोनी आदि अध्यापकों ने सभी आई हुई टीमों व विजेता टीम का उत्साह वर्धन किया।