औरैया। साहब मुझे और परिवार को हिस्ट्रीशीटर से जान का खतरा है। हिस्ट्रीशीटर ने शुक्रवार शाम घर के दरवाजे पर पहुंचकर तमंचे से फायर किया। आरोपियों के लाठी-डंडे व हथियार समेत पहुंचने का एक वीडियो पुलिस को दिया है। इसके बाद भी सदर कोतवाली पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही। आखिरकार हम कहां जाए।
शनिवार को सदर तहसील परिसर में लोकसभा चुनाव के संपन्न हो जाने के बाद आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों का तांता लगा रहा। कई गंभीर मामले पहुंचे। यहां जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक चारू निगम व सीडीओ अनिल कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पन्हर गांव निवासी मन्नो देवी ने जनसुनवाई में शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह अपने पति के साथ गांव में रहती है।
दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। शुक्रवार शाम गांव के एक विपक्षी के साथ एक हिस्ट्रीशीटर व उसके साथी उसके घर के बाहर पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए हिस्ट्रीशीटर ने तमंचे से फायर किया। सदर कोतवाली पुलिस को पूरा मामला बताया। आरोपियों के घर के बाहर लाठी-डंडों व हथियार के साथ पहुंचने का वीडियो भी पुलिस को मुहैया कराया, लेकिन घटना को देखते हुए अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
वहीं एक ऐसा ही मामला लेकर दिबियापुर थाना क्षेत्र का रहा। जहां सेहुद गांव निवासी मालती ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव निवासी नामजद युवक जबरन उसकी जगह से नाली निकाल रहा है। गाली-गलौज करते हुए जेसीबी से घर गिरा देने की धमकी दे रहा है।
दिबियापुर थाना से लेकर एनटीपीसी चौकी पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है। परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। आठ जुलाई की शाम आरोपियों ने घंटों विवाद किया। दोनों ही मामलों में एसपी चारू निगम ने प्रभारियों से बात की। वहीं महिलाओं को आश्वासन दिया। दिनभर में 68 मामले पहुंचे। जिनमें से आठ का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
-
बिधूना में तहसीलदार व सीओ ने सुनी शिकायतें
बिधूना। तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई में तहसीलदार रनवीर सिंह व सीओ अशोक कुमार सिंह ने शिकायतों को सुना। तहसील दिवस में अलग-अलग विभाग से 91 फरियादी अपनी अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे। जहां पर दोनों अधिकारियों ने दोनों पक्षों को सुनकर 16 शिकायतों को निस्तारण कर दिया। वहीं तहसील परिसर में अधिवक्ताओं व वादकारियों के नगर पंचायत से बन रहे शौचालय निर्माण में ठेकेदार द्वारा पुरानी ईटों के प्रयोग करने के साथ पुरानी नींव के ऊपर निर्माण करने की शिकायत की। तहसील बार अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह व महामंत्री शमीम अख्तर ने तहसीलदार को पूरा मामला बताया। (संवाद)
अजीतमल में 66 शिकायतें में आठ का निस्तारण
अजीतमल। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र पाल सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा के नेतृत्व में शिकायतों को सुना गया। दिनभर में कुल 66 शिकायतों में आठ का मौके पर निस्तारण किया जा सका। समाधान दिवस में मुख्य रूप से विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड और जमीन पर कब्जा संबंधी शिकायतें अधिक रहीं। (संवाद)