औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के इंडियन ऑयल चौकी के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे दुकानदार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अधेड़ उछलकर दूर जा गिरा। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने कार समेत चालक को हिरासत में लिया है।
शहर के मोहल्ला दयालपुर निवासी सर्वेश कुमार (55) इंडियन ऑयल चौकी के पास सड़क किनारे चाय की दुकान किए थे। बुधवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे किसी काम से सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान इटावा की ओर से आई कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सर्वेश दूर जा गिरे। सूचना पर चौकी व कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने सर्वेश को 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। डाॅक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। सीओ सदर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इटावा की ओर से आ रही कार की टक्कर से दुकानदारकी मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कार समेत चालक को हिरासत में लिया गया है।