दिबियापुर। लंबे समय से शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग छह सितंबर को पूरी होगी। इटावा सांसद डॉ.रामशंकर कठेरिया के प्रयास के बाद शताब्दी एक्सप्रेस फफूंद रेलवे स्टेशन रुकंगी। इसकी जानकारी होते ही दैनिय यात्रियों के साथ जिले के लोगों ने खुशी जताई है।
सांसद डाॅ. रामशंकर कठेरिया ने बताया कि आगामी छह सितंबर को फफूंद रेलवे स्टेशन पर 12003 अप एवं 12004 डाउन शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो जाएगा। बताया कि दिल्ली से लखनऊ जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में छह सितंबर को वह स्वयं सवार होकर फफूंद रेलवे स्टेशन पहुचेंगे। शताब्दी एक्सप्रेस का फफूंद में ठहराव शुरू हो जाने के बाद दिल्ली और लखनऊ के लिए आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। अभी गेल और एनटीपीसी समेत जिले के अधिकारी और प्रमुख व्यापारी इटावा और कानपुर रेलवे स्टेशन से शताब्दी एक्सप्रेस पकड़ने जाते हैं। इससे रुपया और समय की बर्बादी होती है। सांसद ने रेल मंत्रालय द्वारा जारी एक पत्र भी दिया है।
संयुक्त निदेशक कोचिंग विवेक कुमार सिन्हा द्वारा जारी इस पत्र में रेल मंत्रालय द्वारा शताब्दी एक्सप्रेस के फफूंद रेलवे स्टेशन पर ठहराव की संस्तुति प्रदान करने की बात कही गई है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अभी ट्रेन रुकने की तिथि फाइनल नहीं हुई है।
इधर, शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की सूचना सोशल मीडिया पर आने के बाद कई प्रकार की चर्चाएं तेज हो गईं।कई लोगों ने ट्रेन के स्टापेज को औरैया जिले के लिए काफी अहम बताया। सांसद ट्रेनों के ठहराव के लिए कई बार सीधे रेल मंत्री से मिल चुके हैं।