औरैया। शनिवार को उत्तर प्रदेश उचित दर विक्रेताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी, जिलाधिकारी नेहा प्रकाश व सदर तहसील के अधिकारियों को शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें अन्य प्रदेशों की भांति राशन वितरण में लाभांश बढ़ाने की मांग की। लाभांश न बढ़ाने पर एक जनवरी के उपरांत राशन वितरण का बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई।
सरकारी राशन के वितरकों ने ज्ञापन में बताया कि उन्हें राशन वितरण पर मात्र 90 रुपये प्रति क्विंटल की दर से ही लाभांश मिलता है। जिससे लगातार बढ़ रही महंगाई में परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल होता जा रहा है। जबकि कोटेदारों को राशन वितरण के अतिरिक्त अन्य संबंधित भी तमाम सरकारी कार्य समय-समय पर सौंप दिए जाते हैं। जिसका उनको कोई भुगतान नहीं मिलता है। उन्होंने अन्य प्रदेश गोवा, महाराष्ट्र, हरियाणा, केरल, मध्यप्रदेश, राजस्थान, आदि प्रदेशों में 125 रुपए प्रति क्विंटल से लेकर 200 रुपए प्रति क्विंटल तक लाभांश और गुजरात में कोटेदारों को 20 हजार रुपए मासिक वेतन मिल रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश उचित दर विक्रेता परिषद औरैया के जिलाध्यक्ष शिवकुमार चौबे, सत्य नारायन पोरवाल, रामेश्वर दयाल गुप्ता, राकेश शुक्ला, ओम बाबू तिवारी, मीना यादव, कृष्णपाल सिंह तोमर, वीरेंद्र पाठक, रविंद्र चतुर्वेदी, राजेंद्र आर्य, राकेश दुबे आदि मौजूद रहे।