सहार। घास काटने के बाद नहर में हाथ धोने गई किशोरी पांव फिसलने से सोमवार सुबह नहर में पानी के तेज बहाव में बह गई थी। सोमवार को टीम ने देर शाम तक नाबालिग की नहर में तलाश की, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका था। उधर मंगलवार को यहां किशोरी की तलाश में पुलिस नहर समीप पहुंची। लेकिन एसडीआरएफ टीम नहीं आई। हालांकि थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोरी की खोजबीन कुछ हद तक की।
थाना सहार के गांव बंदरियापुर निवासी जहीर की 16 वर्षीय पुत्री जरीना अपने जीजा के पास गांव में ही रहती थी। उसके माता-पिता की मृत्यु बहुत पहले हो चुकी थी। बताया गया कि सोमवार की सुबह वह घास काटने गई। जहां बाद में हाथ धोने के लिए पास से ही गुजरी और नहर के किनारे पर पहुंची। जहां जबरदस्त पानी के बहाव के बीच पैर धोते समय अचानक से फिसलने से वह नहर में गिर गई और पानी के तेज बहाव में वह बह गई। बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे परिजन ने खोजबीन शुरू की।
सूचना पर सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहार थानाध्यक्ष अजय कुमार, उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने ग्रामीणों की मदद से तलाश करने की कोशिश की। उधर एसडीआरएफ की टीम को बुलवाया गया। यह क्रम मंगलवार को जारी नहीं रह सका। एसडीआरएफ की टीम न आने से किशोरी की मंगलवार को खोजबीन नहीं हो सकी। कुछ गोताखोर पानी में उतरे, लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिली। परिजन स्वयं से नहर में तलाश करते रहे। लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
सीओ भरत पासवान ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोरी की नहर में तलाश कराई जा रही है। बुधवार को एसडीआरएफ की टीम फिर से बुलाई जाएगी।