संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर- फफूंद मार्ग पर चकसत्तापुर गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर स्कूटी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया है। इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने काफी देर शव नहीं उठने नहीं दिया। सीआे के समझाने पर लोग शांत हुए। अजीतमल कोतवाली के आलमगीर निवासी किसान लाल सिंह का पुत्र सौरभ सिंह(24) गुरुवार रात गांव के विकास (25)पुत्र गंधर्व सिंह के साथ स्कूटी से बाबरपुर कस्बा स्थित एक कोल्ड स्टोर में किसी काम गया था। रात नौ बजे के करीब घर लौटते समय चक्सत्तापुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। सड़क पर घायलों को पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को सीएचसी अजीतमल भेजा। यहां पर डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास को प्राथमिक उपचार के बाद सैंफई रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का बुरा हाल रहा। परिजनों ने बताया कि मृतक एयरफोर्स की तैयारी कर रहा था। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में लोग अस्पताल व घटना स्थल पर जा पहुंचे। ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई को लेकर शव उठने नहीं दिया। सीआे भरत पासवान व कोतवाल मुकेश सिंह के समझाने के बाद रात 10 बजे के करीब लोग शांत हुए। कोतवाली प्रभारी मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है। चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।