दिबियापुर। दिल्ली से पटना जा रहे यात्री के पेट में तेज दर्द होने पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। यात्री का दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे उपचार हुआ।
मंगलवार रात 12394 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस इटावा रेलवे स्टेशन से आगे निकली। ट्रेन के एस-4 कोच में पत्नी पूजा और तीन बच्चों के साथ 575 अर्जुन कैंप महिपालपुर दक्षिण पश्चिम नई दिल्ली निवासी मदन तांती यात्रा कर रहे थे। ट्रेन में रेल कर्मियों को पूजा ने बताया कि उनके पति मदन के पेट में तेज दर्द हो रहा है। इसकी जानकारी रेल कंट्रोल को दी गई। रेल कंट्रोल के निर्देश पर रात लगभग 10:2 बजे ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोकी गई। वहां रेलवे पुलिस फोर्स की मदद से बीमार यात्री को परिवार समेत उतारा गया। ट्रेन करीब चार मिनट रुकने के बाद रवाना हुई। मदन को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद राहत मिलने पर यात्री को डिस्चार्ज कर दिया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी रजनीश राय के अनुसार रेल कंट्रोल की सूचना पर बीमार यात्री को उतारकर दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद यात्री की हालत सामान्य हो गई थी।