बिधूना। तहसील में व्याप्त समस्याओं के निस्तारण न होने से नाराज राजस्व अधिवक्ताओं की ओर से तहसीलदार न्यायालय का चल रहा बहिष्कार सोमवार को एसडीएम न्यायालय के बहिष्कार तक जा पहुंचा।
सोमवार को राजस्व अधिवक्ताओं ने बैठक कर एसडीएम कोर्ट का भी तीन दिन के लिए बहिष्कार करने का निर्णय लिया। बिधूना तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह व महामंत्री शमीम अख्तर ने बैठक के बाद बताया कि तहसील बिधूना समस्याओं को लेकर बहुत ही खराब स्थिति है। ऐसी किसी भी तहसील में नहीं होगी।
बताया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर आठ अप्रैल को तहसीलदार न्यायालय के बहिष्कार का निर्णय लिया गया था। वहीं अन्य समस्याओं लेकर एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी हरिश्चन्द्र व तहसीलदार रनवीर सिंह को दिया था। इसमें समाधान न होने तक तहसीलदार न्यायालय के बहिष्कार का निर्णय लिया गया था।
समस्याओं का समाधान न होने पर सोमवार को तहसील बार के अधिवक्ताओं ने फिर से मंगलवार से तीन दिन के लिए उप जिलाधिकारी न्यायालय के बहिष्कार का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं ने कहा कि कि अगर समस्याओं का समाधान न हुआ तो पुन: बैठक कर कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।