संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। सैनिक नगर निवासी सेवानिवृत्त फौजी की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें चिचौली स्थित जिला चिकित्सालय ले गए। जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार की रात रेलवे क्रासिंग के पास रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी जितेंद्र प्रताप सिंह (54) पुत्र स्वर्गीय श्याम सुंदर की हालत अचानक बिगड़ गई। रात में ही परिजन उन्हें चिचौली स्थित जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मौत का कारण स्पष्ट न होने पर पुलिस को सूचना दी।
दिबियापुर थाने के दरोगा देवेंद्र प्रसाद ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दरोगा देवेंद्र प्रसाद के अनुसार मृतक के पुत्र अवनीश कुमार एवं भाई सतनाम सिंह ने बताया कि जितेंद्र प्रताप पिछले दिनों डेंगू हुआ था, लेकिन वह उपचार के बाद ठीक हो गए थे। रविवार रात अचानक हालत बिगड़ गई।
थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।