औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में दिबियापुर रोड पर एक माह पहले हुई युवक की मौत के मामले में नामजद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को पीड़िता पिता अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। बावजूद इसके पुलिस की ओर से जांच के नाम पर उन्हें टरकाया जा रहा है। जिससे पीड़ित परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पिता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी पीड़िता दिव्या पांडेय ने कोतवाली में 22 अक्तूबर को तीन नामजद आरोपियों पर पति धीरज दुबे की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें पीड़िता ने बताया कि गांव तुर्कीपुर निवासी धर्मेंद्र प्रकाश उर्फ रिंकू शुक्ला, रामकुमार शुक्ला व मोहल्ला गोविंद नगर निवासी आकाश तिवारी ने पैसों के लेनदेन को लेकर 17 अक्तूबर को उनके पति की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। मृतक के पिता सेवानिवृत्त फौजी महेश दुबे का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
उन्होंने एसपी चारु निगम से पुत्र के हत्यारों की गिरफ्तारी कराए जाने की मांग की है। साथ ही घटना के बाद से पुत्र के गायब मोबाइल की भी तलाश कराने की गुहार लगाई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।