औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बनारसीदास निवासी एक युवक ने कोतवाली में अस्पताल संचालक समेत चार पर पत्नी का गर्भपात कराने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला बनारसीदास निवासी विशाल ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 18 जुलाई को उसकी पत्नी की हालत खराब हो गई थी। जिस पर वह उसे सत्तेश्वर मोहल्ला स्थित हिमानी हॉस्पिटल में ले गया।
जहां एक पर्चे पर दवा लिखकर बाहर से लाने की बात कही गई। जब वह दवा लेकर आया तब उसे पत्नी द्वारा जानकारी दी गई कि डॉक्टरों ने उसका गर्भपात कर दिया।
मामले की जानकारी उसने ससुर संजीव कुमार निवासी मिहोली को दी। सूचना पाकर वह भी अस्पताल पहुंच गए। कुछ ही देर में महिला की हालत बिगड़ने लगी। इस पर डॉक्टरों ने उसे बाहर ले जाने की सलाह दी।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उन लोगों द्वारा उन्हें जातिसूचक गालियां भी दी गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया। इसकी जानकारी उसने कोतवाली पुलिस को दी तो रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
कोर्ट के आदेश पर अस्पताल के संचालक धर्मेंद्र पाल, उनकी पत्नी, पुत्री तथा रामभान सिंह सेंगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।