दिबियापुर। प्रेम विवाह करने वाली एक शिक्षिका ने अपने ससुर और देवर पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वह एक इंटर कालेज में शिक्षिका है। वर्ष 2006 में उसने प्रेम विवाह किया था। उनके पति एक लिमिटेड कंपनी में अधिकारी हैं। जिस स्थान पर कंपनी है, पति अक्सर वहीं रहते हैं। आरोप लगाया कि ससुर और देवर अलग-अलग समय पर पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें करते रहते हैं।
24 सितंबर 2017 को सास ननद के बेटे की तबियत खराब होने पर ननद के घर चलीं गईं थीं। इस बीच ससुर ने अश्लील फिल्म देखकर उसके के साथ अश्लील हरकतें कीं। वह भागी तो देवर ने कनपटी पर लाइसेंसी राइफल लगाकर जान से मारने की धमकी दी। जब पति से शिकायत की तो पति ने चेताया कि अगर किसी से शिकायत की तो तलाक दे दूंगा। तभी से वह मायके आकर रहने लगी।
दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।