बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर स्थित मुर्गी फार्म के ऊपर चढ़कर तरोई तोड़ने के दौरान बीती 25 अगस्त को बटाईदार किसान की करंट लगने से मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने घटना के 51 दिन बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रतनपुर निवासी सियारानी की तहरीर पर बिधूना पुलिस ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता दिबियापुर, एसडीओ बिधूना व जेई बिधूना के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। बता दें कि बीती 25 अगस्त की सुबह नौ बजे बालकराम फसल की रखवाली करने गया था। इस दौरान वह गांव के बाहर बने मुर्गीफार्म की छत पर चढ़कर तरोई तोड़ने के दौरान वह ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी।
परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने के साथ बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही थी। जांच के बाद पीड़ित पत्नी की तहरीर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।