संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल/मुरादगंज। कोतवाली क्षेत्र के चपटा गांव में मंगवार दोपहर को हथगोला (बम) फटने से दो बालिकाएं घायल हो गईं थी। मामले में देर रात कोतवाली के एक उप निरीक्षक ने घायल के पिता, चाचा समेत कई परिजनों व पड़ोसियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बारूद जुटाने की तह तक पहुंचने और अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए रात भर गांव में अधिकारी छानबीन में जुटे रहे।मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
चपटा निवासी आफताब के घर में हथगोला फटने की घटना व इरसार के घर से बम बनाने का सामान व बारूद मिलने पर देर रात अजीतमल कोतवाली के उप निरीक्षक आनंद कुमार शर्मा ने दो नामजद के अलावा पड़ोसियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि आफताब के घर में बम बनाए जा रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया।
पुलिस ने घटना में नामजद आफताब व इरसाद समेत उनके परिजन व पड़ोसियों की गिरफ्तारी के लिए नौ टीमें गठित की हैं। वहीं, मौके से पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मौके पर मिले परिवार के नाबालिग ने पुलिस पूछताछ में घर में हथगोला बनाने की बात स्वीकारी है। देर रात स्वयं पुलिस अधीक्षक ने दोबारा मौके पर पहुंचकर गांव के कई लोगों से घर में बम बनाने के बारे में जानकारी ली।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई गांवों में दबिश दी है। इस दौरान पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को उठाया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए घायलों के जल्द ठीक होने का इंतजार कर रही है।
उधर, धमाके के बाद से पुलिस को इरसाद के घर में विस्फोटक पदार्थ मिलने के बाद से आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रात भर आसपास के गांव व रिश्तेदारियों में दबिश दी। दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से अब भी दूर बने हुए हैं।
दिन भर गांव में पसरा रहा सन्नाटा
- घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएसी बल तैनात कर दिया है। नवरात्र व रमजान के मद्देनजर पुलिस ने अपनी सक्रियता दी है। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के साथ ही अन्य थानों में संदिग्धों पर पैनी नजर रखी गई। पुलिस कर्मियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्धों की तलाशी ली।
ट्रेस किए जाएंगे आरोपियों के नंबर
- बम बनाने वाले गिरोह के प्रत्येक सदस्य तक पहुंचने के लिए पुलिस आरोपियों व उसके परिजनों के मोबाइल ट्रेस करेगी। इसके साथ ही पुलिस मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाल कर घटना के पहले व बाद में आरोपियों ने किससे बातचीत की है।
बोले जिम्मेदार-
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि मामले में दो नामजद समेत अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। बम बनाने वाले पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएगें। चारू निगम, पुलिस अधीक्षक