औरैया। सदर कोतवाली में एक पीड़ित ने बैंक दो अधिकारियों समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित बदनपुर औरैया निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसकी ड्राइव वाई कार्स केयर के नाम से एक पंजीकृत फर्म है। उसका एक वर्कशॉप है। जिसकी देखभाल वैभव शर्मा करता है। उसके कारोबार में विनय कटियार निवासी खानपुर रोड ने साझेदारी का प्रस्ताव दिया। इसके लिए उसने लिखित रजिस्टर्ड साझेदारी अनुबंध तैयार कराया था। दोनों पक्षों के तैयार होने के बाद विनय कटियार ने 10 लाख रुपये निवेश करने का वादा किया, लेकिन विनय कटियार की ओर से आज तक न तो कोई लिखित अनुबंध प्रस्तुत किया गया और न ही तयशुदा धनराशि उसके व्यापार में निवेश की गई।
पैसे जमा करने के बजाय धीरे-धीरे जमा किए हुए 1.5 लाख रुपये भी निकाल लिए। बैंक के कर्मचारियों से सांठ-गांठ करके उसके पुत्र वैभव के मोबाइल नंबर को हटवाकर अपना मोबाइल नंबर जुड़वा दिया। विनय कटियार ने अपने मोबाइल में बैंक का ऐप डाउन लोड करके ऑन लाइन अपने खाते में 24 व 27 मार्च 2023 की तिथियों में एक लाख 47 हजार रुपये हस्तांतरित कर लिए।दो चेकें भी चोरी कर लीं थी। जब इसकी जानकारी आरोपी को हुई तो उसने दोनों चेकों में तीन लाख 90 हजार रुपये भरकर और उन पर उसके फर्जी हस्ताक्षर करके अपने एचडीएफसी खाते में लगाई। जब चेक बाउंस हो गईं। तो आरोपी ने उसे नोटिस भेजकर उक्त धनराशि की जमा करने मांग की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसके हस्ताक्षर करके एक फर्जी अनुबंध भी तैयार लिया था। बताया कि इस पूरे मामले में बैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीनों के खिलाफ नामजद धोखाधड़ी व धोखाधड़ी में संलिप्तता की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।