अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के गोकुलपुर में मंगलवार देर रात बीएससी की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस को मृतका की बहन ने एक युवक पर दबाव में लेकर बात करने का आरोप लगाया है। इसी बात पर बहन ने मृतका के मोबाइल से सिम निकाल लिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू की है।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गोकुलपुर निवासी भुवनेश कुमार की तीन बेटियां हैं। दूसरे नंबर की बेटी प्रतिमा (20) बीएससी दूसरे वर्ष की छात्रा थी। मंगलवार की देर रात प्रतिमा ने दूसरी मंजिल पर बने कमरे में कुंडे के सहारे रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह मां व बहन शिवानी उसे जगाने पहुंचे तो शव फंदे पर लटका देख शोर मचाया। पिता और पड़ोसी भी जा पहुंचे। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे मुरादगंज चौकी प्रभारी प्रदीप अवस्थी ने शव को फंदे से उताकर कब्जे में लिया।
मृतका के पिता भुवनेश कुमार ने बताया कि उसकी बेटी किसी लड़के से फोन पर बात करती थी। इस पर छोटी बेटी शिवानी ने उसके फोन की सिम निकाल कर पिता के फोन में डाल दी थी। इधर, बेटी कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। वहीं शिवानी ने पुलिस को बताया कि फोन पर बात करने वाला युवक उसकी बहन से बात करने का दबाव डालता था।
इसी को लेकर प्रतिमा परेशान थी। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि मामले की कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।