औरैया। जिले भर में गुरुवार शाम अचानक आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। अससे सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जल निकासी न होने के चलते नाले उफनाते रहे। सड़कों पर भरा पानी दुकानों के अंदर भर गया।
गुरुवार शाम लगभग सात बजे बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते सड़कें पानी से सराबोर हो गईं। सफाई दुरुस्त न होने के कारण व पानी की निकासी न होने से नाले उफनाते रहे। झमाझम बारिश होने के कारण लोगों को दिन भर की गर्मी व उमस से निजात मिली। बारिश से शहर के प्रमुख बाजारों में होमगंज बाजार, बजरिया, लेडीज मार्केट, रुहाई, गुरुहाई, गोविंद नगर, सत्तेश्वर आदि मोहल्लों में सड़कों पर पानी भर गया।
बिधूना व एरवाकटरा में हुई मूसलाधार बारिश के कारण पुराना बिधूना व फीडर रोड समेत कई बस्ती की सड़कें जलमग्न हो गईं। गलियों में पानी भरने से लोगों को निकलने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। गुरुवार शाम लगभग 6 बजे शुरू हुई तेज मूसलादार बारिश से महज 20 मिनट में ही नगर के पुराना बिधूना, सीओ आवास पीछे, अंबेडकर नगर व फीडर रोड़ की सड़क पर पानी ही पानी दिखाई देने लगा।
नगर के बाशिदों का कहना के हल्की भी बारिश होने पर मोहल्लों की गालियां तालाब बन जाती हैं। लोगों ने बताया कि नालियों को साफ सफाई के साथ-साथ भगत सिंह चौराहा पर बनी पुलिया की कई वर्षो से नीचे सफाई न होने से मिट्टी भर गई है। जिससे पुलिया भी लगभग बंद की स्थिति में है। इस कारण से अधिक पानी एक साथ नहीं निकल पा रहा। और बस्तियों में जलभराव हो जाता है। फीडर रोड के दुकानदार राजीव गुप्ता, कौशल, सर्वेश, यतींद्र, धीरेंद्र कुमार आदि ने पुलिया साफ कराए जाने की मांग की है। ईओ विजय कुमार ने बताया कि बारिश से पहले नालों की सफाई कराई जा चुकी है। झमाझम बारिश होने से पानी की मात्रा अधिक हो जाती है। जिससे एक साल पानी निकलने में समस्या हो रही है।